मीरगंज के खमरिया आजमपुर गांव में जमीन बंटवारे को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने आरोपी को बंदूक सहित पकड़ा
बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया आजमपुर में मंगलवार को जमीन बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के दौरान एक बुजुर्ग ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायर कर दिया, जिसमें उसका भाई और बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खमरिया आजमपुर निवासी 80 वर्षीय सियाराम पुत्र मंगलसेन का अपने छोटे भाई त्रिमोहन पुत्र मंगलसेन (57 वर्ष) के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर सियाराम ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायर कर दिया।
फायरिंग में त्रिमोहन के दाहिने हाथ के पंजे में छर्रे लग गए। वहीं विवाद शांत कराने पहुंचीं सियाराम की पत्नी नारायणी देवी भी गोली के छर्रों की चपेट में आ गईं, जिससे उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद नारायणी देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सियाराम को उसकी लाइसेंसी बंदूक सहित हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में एफआईआर संख्या 213/26 के तहत धारा 352/109 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।