Saturday, June 13, 2026

Bareilly News : बी डी एम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने कक्षा 12 में रचा सफलता का इतिहास

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 14, 2026

Bareilly News : बी डी एम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने कक्षा 12 में रचा सफलता का इतिहास

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में बादल तिवारी बने स्कूल टॉपर, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया विद्यालय का मान

ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली) 

सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा परिणाम में बी डी एम पब्लिक स्कूल, मीरगंज (बरेली) के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों में शानदार अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

इस वर्ष विज्ञान वर्ग में विद्यार्थियों ने विशेष रूप से बेहतर प्रदर्शन किया। छात्र बादल तिवारी ने कुल 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने जीव विज्ञान विषय में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं छात्र देव ने 84.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। देव ने रसायन विज्ञान में 90 प्रतिशत तथा अंग्रेज़ी विषय में 91 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया।


विद्यालय की छात्रा श्रष्टि मिश्रा ने कुल 81 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। उन्होंने अंग्रेज़ी एवं शारीरिक शिक्षा विषय में 92-92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इसके अलावा देव गुप्ता ने 80.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। शौर्य प्रताप कौशिक ने कुल 74.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए तथा शारीरिक शिक्षा में 91 प्रतिशत अंक हासिल किए। अशप्रीत कौर ने कुल 72 प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए जीव विज्ञान विषय में 90 प्रतिशत अंक अर्जित किए।

वाणिज्य वर्ग में भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। छात्रा आकृति गुप्ता ने कुल 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उन्होंने अर्थशास्त्र एवं व्यवसाय अध्ययन विषय में 90-90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस सफलता को उनकी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के चेयरमैन श्री रमेश चन्द्र मिश्रा ने सभी टॉपर्स एवं उनके अभिभावकों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के निदेशक अचल मिश्रा एवं प्रधानाचार्या डॉ. चारु खन्ना ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।

विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं समाज का नाम रोशन करेंगे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.