Wednesday, June 3, 2026

Bareilly News : तेज रफ्तार ट्रक का कहर: बाइक और कार को मारी टक्कर, तीन घायल

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 16, 2026

Bareilly News : तेज रफ्तार ट्रक का कहर: बाइक और कार को मारी टक्कर, तीन घायल

सिधौली चौराहे के पास हुआ हादसा, कार डिवाइडर पर चढ़ी, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया

जागरण टुडे,मीरगंज( बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज मार्ग पर शनिवार दोपहर सिधौली चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक और एक कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि कार चालक फार्मासिस्ट विनय भदौरिया बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक बरेली की ओर से आ रहा था। सिधौली चौराहे के पास चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी और फिर सामने चल रही कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना में वुन्दन पत्नी शेर मोहम्मद, गुलवेज पुत्र शेर मोहम्मद निवासी ठिरिया खुर्द तथा दूसरी बाइक पर सवार नासिर निवासी शरीफ नगर, देवरनिया घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

कार चालक फार्मासिस्ट विनय भदौरिया ने बताया कि ट्रक चालक बेहद तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.