जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जनपद के अमांपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अमांपुर कस्बे के पास गांव गधेपुर मोड़ के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतकों की पहचान 17 वर्षीय पूर्णानंद पुत्र विनोद निवासी गांव आनंदपुर, थाना अमांपुर तथा महैकार निवासी गांव जोला, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि महैकार अमांपुर कस्बे के पास गांव में डाली जा रही बीएसएनएल पाइप लाइन में मजदूरी का कार्य करता था। हादसे के समय दोनों बाइक से अमांपुर कस्बे से डीजल लेकर वापस लौट रहे थे। तभी गधेपुर मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक किशोर पूर्णानंद के पिता विनोद ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी के काम में सहयोग करने गया था और देर शाम वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया।
अमांपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है