-फरीदपुर गांव में हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार
-पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर शुरू की जांच
जागरण टुडे, कासगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव फरीदपुर में शुक्रवार को दोपहर बाद अवैध मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार गांव फरीदपुर निवासी पूरन सिंह का छह वर्षीय पुत्र दिव्यांश गांव के पास खेल रहा था। इसी दौरान मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था और पड़ोसी गांव में मिट्टी डाली जा रही थी। इसी बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। वहीं चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन का काम चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर एक बच्चे की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वाहन पुलिस के कब्जे में है और मामले की जांच की जा रही है।