जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जनपद कासगंज के नगर क्षेत्र स्थित कलियानपुर में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान रेनू गौड़ ने विद्यालय परिसर में छात्राओं के लिए स्थापित ओपन जिम का निरीक्षण किया और वहां मौजूद उपकरणों एवं उनके उपयोग के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रशासन से छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संचालित गतिविधियों के संबंध में भी चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मूल अधिकार है और बिना शिक्षा के किसी भी देश या प्रदेश का समुचित विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है, इसलिए छात्राओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
राज्य महिला आयोग सदस्य ने विद्यालय में रह रही छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, भोजन व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने भी विद्यालय में मिल रही सुविधाओं एवं शिक्षण व्यवस्था के संबंध में अपने अनुभव साझा किए।
रेनू गौड़ ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए बेटियां अपने सपनों को साकार कर सकती हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन को छात्राओं की सुविधाओं में निरंतर सुधार बनाए रखने तथा स्वच्छता, सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। विद्यालय स्टाफ एवं शिक्षिकाएं इस अवसर पर मौजूद रहीं।