जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत जिले के राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। जून माह का निःशुल्क राशन वितरण 25 मई से शुरू होकर 10 जून तक चलेगा। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को गेहूं और चावल के साथ मोटे अनाज भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न दिया जाएगा, जिसमें 21 किलोग्राम गेहूं, 9 किलोग्राम चावल, 4 किलोग्राम बाजरा तथा 1 किलोग्राम मक्का शामिल है।
वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट 5 किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा, जिसमें 2 किलोग्राम गेहूं, 1 किलोग्राम चावल, 1 किलोग्राम बाजरा और 1 किलोग्राम मक्का का वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जून माह में ज्वार, बाजरा और मक्का जैसे मोटे अनाजों का अवशेष स्टॉक समाप्त किया जाना है। यदि किसी उचित दर दुकान पर किसी एक मोटे अनाज का स्टॉक समाप्त हो जाता है तो उसके स्थान पर अन्य उपलब्ध मोटे अनाज का वितरण किया जाएगा। मोटे अनाजों का पूरा स्टॉक खत्म होने के बाद ही उनकी जगह गेहूं या चावल दिया जाएगा।
खाद्यान्न वितरण उचित दर दुकानों पर नामित नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में कराया जाएगा। साथ ही लाभार्थियों को पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे वे किसी भी उचित दर दुकान से राशन प्राप्त कर सकेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि 10 जून के बाद छूटे हुए लाभार्थियों को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। राशन प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कार्डधारक संबंधित एसडीएम, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक अथवा जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।