जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीएम पटियाली प्रदीप विमल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कर लीं। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
तहसील पटियाली क्षेत्र में सघन जांच एवं छापेमारी अभियान के दौरान अवैध खनन में संलिप्त कुल पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं। इनमें चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बालू तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी से भरी हुई थी। कार्रवाई के बाद दो वाहनों को सिढपुरा थाना परिसर तथा तीन वाहनों को गंजडुंडवारा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इससे पूर्व भी तहसील सहावर एवं कासगंज क्षेत्र में अभियान चलाकर कई वाहनों को जब्त किया जा चुका है।
एसडीएम प्रदीप विमल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में खौफ का माहौल बना हुआ है।