जागरण टुडे, कासगंज(राहुल गुप्ता)
पटियाली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नगर इकाई पटियाली द्वारा आयोजित साप्ताहिक छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर के पांचवें दिन ‘महिला स्वास्थ्य एवं परीक्षण’ विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियों से सशक्त करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली की अधीक्षक डॉ. शिवा श्री तिवारी, डॉ. श्रद्धा कुमारी, विभाग प्रमुख सौरभ दीक्षित, तहसील संयोजक अम्बुज द्विवेदी एवं सह नगर मंत्री मेघा राठौर द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. शिवा श्री तिवारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।” उन्होंने महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण की मूलभूत जानकारियां भी साझा कीं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. श्रद्धा कुमारी ने कहा कि किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।
शिविर में उपस्थित एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि परिषद छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, व्यक्तित्व निर्माण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रही है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
प्रशिक्षण सत्र में बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता कर स्वास्थ्य विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एबीवीपी कार्यकर्ताओं एवं शिविर प्रबंधन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर विभाग प्रमुख सौरभ दीक्षित, तहसील संयोजक अम्बुज द्विवेदी, मेघा राठौर, रिया गौर, अंजली, मानवी, काव्या, गौरी, मनु, मान्य सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।