जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जनपद के कोतवाली कासगंज क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नल पर पानी पीने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक 35 वर्षीय साधु की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल साधु की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली कासगंज क्षेत्र के गांव नगला पीपल निवासी 35 वर्षीय साधु विपिन कुमार पुत्र सुरेश सिंह का पड़ोसी गांव के रहने वाले कौशल कुमार पुत्र अमर सिंह से नल पर पानी पीने को लेकर विवाद हो गया था। उस समय आसपास मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।
बताया गया है कि बाद में साधु विपिन कुमार गांव नगला नंदे में आयोजित एक भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भड़पुरा तिराहे के पास गांव भड़पुरा निवासी कौशल कुमार ने उन्हें रोक लिया और लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक डंडा विपिन कुमार के सिर में जा लगा, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। साधु की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान, कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा पुलिस बल एवं फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी कौशल कुमार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के अनुसार मृतक साधु विपिन कुमार बचपन से अपने बहनोई जय प्रकाश के पास रहते थे। वह भरसोली और नगला पीपल स्थित माता मंदिरों में रहकर पूजा-पाठ करते थे और इसी से अपना जीवनयापन कर रहे थे। गांव में उनकी मौत के बाद शोक का माहौल है।