जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
प्रदेश सरकार के जीरो टॉलरेंस अभियान के बावजूद चोरों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। मीरगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव परौरा में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी की वारदात से गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव परौरा निवासी शक्ति सिंह पुत्र महेंद्र सिंह के घर में देर रात अज्ञात चोर घुस गए। चोरों ने घर में रखी लोहे की अलमारी तोड़कर उसमें रखे करीब 1 लाख 75 हजार रुपये नकद तथा दो जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ली। सुबह जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।
इसी रात गांव के ही भगवान स्वरूप पुत्र नत्थू लाल मौर्य के घर में भी चोर दीवार फांदकर दाखिल हो गए। चोर संदूक में रखे सोने का मंगलसूत्र, टीका, बेसर तथा चांदी का हथफूल और बिछुआ चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर परिवार को हुई, जिसके बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
दोनों पीड़ित परिवारों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मीरगंज कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
इस संबंध में मीरगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि गांव परौरा में दो घरों में चोरी की घटनाओं को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें खुलासे के लिए लगा दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।