Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ: ABVP के साप्ताहिक छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर का भव्य समापन, विजेता छात्राएं हुईं सम्मानित

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 28, 2026

KASGANJ: ABVP के साप्ताहिक छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर का भव्य समापन, विजेता छात्राएं हुईं सम्मानित

जागरण टुडे, कासगंज (राहुल गुप्ता)

पटियाली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नगर इकाई पटियाली द्वारा छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं व्यक्तित्व निखार के उद्देश्य से आयोजित साप्ताहिक ‘छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर’ का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।


समापन समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय लोधी महासभा के जिलाध्यक्ष मुनेश राजपूत रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षा संघ के दीपक मिश्रा, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष सत्यप्रकाश पाल एवं प्राथमिक शिक्षा संघ के सदस्य शिवम बघेल उपस्थित रहे। वहीं चार्विक इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाध्यापिका रुक्मणि, उप-प्रधानाध्यापिका कंचन दीक्षित, विभाग प्रमुख सौरभ दीक्षित, तहसील संयोजक अम्बुज द्विवेदी, नगर अध्यक्ष चंद्र देव दीक्षित एवं सह नगर मंत्री मेघा राठौर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शिविर के दौरान छात्राओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से मेहंदी, रंगोली, भाषण, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया था। समापन अवसर पर इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को परिषद कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतीक चिन्ह (शील्ड) देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शिविर में सहभागिता करने वाली सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

विभाग प्रमुख सौरभ दीक्षित ने परिषद के कार्यों एवं छात्राओं के आत्मविकास पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि मुनेश राजपूत ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे बड़ा हथियार है। सत्यप्रकाश पाल ने शिक्षा के माध्यम से समाज में समानता स्थापित करने की आवश्यकता बताई। वहीं दीपक मिश्रा ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कार्यक्रम का संचालन तहसील संयोजक एवं कार्यक्रम संयोजक अम्बुज द्विवेदी ने किया। अंत में नगर अध्यक्ष चंद्र देव दीक्षित ने सभी अतिथियों, छात्राओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

इस अवसर पर सह सोशल मीडिया संयोजक प्रत्यून सिन्हा, रिया गौर, स्नेहा, मान्य, तनु, तन्वी, अंशिका, मनु, तान्या सहित परिषद के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.