Saturday, June 13, 2026

KASGANJ NEWS तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल कार छोड़कर फरार हुए आरोपी, पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की जांच

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 29, 2026

 KASGANJ NEWS तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल  कार छोड़कर फरार हुए आरोपी, पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की जांच


गुड्डू यादव, कासगंज।

जागरण टुडे।

शहर के नदरई गेट स्थित जेपी पब्लिक स्कूल के समीप शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पल्सर बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घटना शुक्रवार रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय हुकुम सिंह पुत्र गेंदालाल निवासी मोहल्ला गंदानाला, कासगंज तथा 30 वर्षीय हरीओम पुत्र भजनलाल निवासी भूतेश्वर कॉलोनी पल्सर बाइक से नदरई की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में हुकुम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरीओम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार सवार युवक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने स्विफ्ट कार को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। कार पर नंबर प्लेट न होने के कारण वाहन मालिक की पहचान करने में दिक्कत आ रही है।

इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल युवक का उपचार अलीगढ़ में चल रहा है। कार चालक और वाहन स्वामी की पहचान कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों का जल्द पता लगाया जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.