जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम सुजातपुर में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों में हुई चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मुन्नी पत्नी महेश चंद्र ने मीरगंज कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि रात के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और सोने का बड़ा व छोटा हार, दो अंगूठियां, नथ, टीका, दो ओम, चांदी के बिछुए, पाजेब समेत करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जागने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
वहीं गांव निवासी मोहम्मद तस्लीम ने बताया कि वह मेले में दुकान लगाने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर में धावा बोल दिया और करीब दो तोला सोना तथा लगभग 80 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलने पर वह तत्काल घर पहुंचे।
चोरों ने तस्लीम के बड़े भाई अकील अहमद के घर को भी निशाना बनाया। अकील अहमद के अनुसार घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए। चोर एक बक्सा भी उठा ले गए, जिसे गांव के बाहर जंगल में ले जाकर उसका ताला तोड़ा गया। कीमती सामान निकालने के बाद खाली बक्सा वहीं फेंक दिया गया।
एक सप्ताह में कई बड़ी चोरियां, पुलिस के सामने चुनौती
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सुजातपुर की घटना से पहले भी मीरगंज क्षेत्र के परौरा और खमरिया आजमपुर गांवों में लाखों रुपये की चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, 25/26 मई की रात परौरा गांव निवासी भगवान स्वरूप मौर्य और शक्ति सिंह के घरों में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। इसके अलावा खमरिया आजमपुर गांव निवासी महावीर नागर के घर में भी चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ किया था।
हालांकि पुलिस ने इन मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों ने बढ़ाई सुरक्षा की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की निगरानी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो लोगों का पुलिस पर से भरोसा उठ सकता है।
उधर, पुलिस का कहना है कि सुजातपुर गांव में हुई चोरी की घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।