अखिल भारतीय धनगर महासंघ के तत्वावधान में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती 31 मई को मीरगंज में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। जयंती समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को बंधन पैलेस मीरगंज (बरेली)में धनगर समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और उनकी जयंती को भव्य रूप से मनाना समाज के लिए गौरव की बात है।
बैठक में जानकारी दी गई कि जयंती समारोह के अवसर पर नगर में एक भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के युवा और अन्य लोग शामिल होंगे। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के पदाधिकारियों ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी और सहभागिता का आग्रह किया।
इस दौरान संयोजक ओमपाल धनगर, राजेंद्र धनगर, आर्यन धनगर, केशव धनगर, सुमित धनगर, बुलाकी राम धनगर, नरोत्तम धनगर, सत्यपाल धनगर, मुकेश धनगर और अमन धनगर सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।