गंजडुंडवारा में सात प्रमुख स्थानों पर स्थापित की जा रही व्यवस्था, जनहित संदेशों का होगा त्वरित प्रसारण
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
शासन के निर्देशों के अनुपालन में नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा ने नगर में पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम (पीए सिस्टम) स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस व्यवस्था के तहत नगर के सात प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां लाउडस्पीकर आधारित सार्वजनिक सूचना प्रसारण प्रणाली लगाई जा रही। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं तथा जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं को तत्काल आमजन तक पहुंचाना है।
नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसके अंतर्गत नगर पालिका परिषद परिसर, बान मंडी तिराहा, राजाराम चौराहा, पटियाली तिराहा,हनुमान गढी चौराहा सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी चरणबद्ध तरीके से यह प्रणाली स्थापित की जाएगी।
आपको बता दे हाल ही मे प्रदेश सरकार द्वारा आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया था। क्यो कि तेज आंधी, अतिवृष्टि, बिजली गिरने की घटनाएं, आग लगने की दुर्घटनाएं तथा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में समय पर सूचना न मिलने के कारण जनहानि और संपत्ति के नुकसान की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम को त्वरित सूचना प्रसारण का प्रभावी माध्यम माना जा रहा है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार इस प्रणाली के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनी, आपदा अलर्ट, स्वच्छता अभियान, टीकाकरण कार्यक्रम, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था से जुड़े संदेश, सरकारी योजनाओं की जानकारी और अन्य जनहितकारी सूचनाएं सीधे नागरिकों तक पहुंचाई जा सकेंगी। विशेष रूप से किसी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सतर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकेंगे।
पालिका अधिकारियों का कहना है कि नगर की बढ़ती आबादी और सूचना तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता को देखते हुए यह पहल भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर की जा रही है। डिजिटल युग में जहां मोबाइल और सोशल मीडिया पर सभी लोगों तक सूचना पहुंच पाना हमेशा संभव नहीं होता, वहीं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली हर वर्ग तक एक साथ संदेश पहुंचाने में सहायक होगी।
अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सूचना प्रसारण के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनजागरूकता संदेशों को प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि चिन्हित सभी स्थानों पर शीघ्र ही कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे नगरवासियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
इन परिस्थितियों में मिलेगा सबसे अधिक लाभ
-आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
-आगजनी और अन्य आपात घटनाओं की सूचना
-टीकाकरण एवं स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी
-स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान
-यातायात डायवर्जन और कानून-व्यवस्था संबंधी संदेश
-शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार