इंस्टाग्राम-व्हाट्सएप चैट से खुला राज, मोबाइल डेटा और बैंक खातों की भी जांच शुरू
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद का एक युवक कथित रूप से आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े सदस्य के संपर्क में होने के आरोप में एटीएस की जांच के दायरे में आ गया है। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) द्वारा गिरफ्तार किए गए किसोल कॉलोनी के मूल निवासी 18 वर्षीय शाहबाज सिद्दीकी को अदालत ने कस्टडी रिमांड पर भेज दिया है। एटीएस अब 3 जून तक उससे पूछताछ कर उसके संपर्कों और गतिविधियों की गहन जांच करेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहबाज सिद्दीकी का संपर्क जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे आतंकी उमर से था। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। एटीएस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनका तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।
वही जांच के दौरान यह भी पता चला है कि दोनों के बीच देश विरोधी विषयों पर बातचीत होती थी। 14 फरवरी को हुई एक व्हाट्सएप चैट में आतंकी उमर द्वारा भारत में "ब्लैक डे" और पाकिस्तान में खुशियां मनाने संबंधी संदेश भेजे जाने की बात भी सामने आई है। जांच एजेंसी इस चैट और उससे जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
एटीएस शाहबाज के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं किसी संदिग्ध स्रोत से धन का आदान-प्रदान तो नहीं हुआ तथा उसके संपर्क किन लोगों से जुड़े हुए हैं।
गौरतलब है कि एटीएस ने शाहबाज सिद्दीकी को विगत दिनो 18 मई को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही उसके नेटवर्क और संभावित गतिविधियों की जांच की जा रही है। अब कस्टडी रिमांड के दौरान पूछताछ से कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों और मददगारों की तलाश में भी जुटी हुई हैं।