गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टुडे, सोरों।
कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोरों पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 11 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी विभिन्न मामलों में न्यायालय से जारी वारंटों के तहत वांछित चल रहे थे और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे।
सोरों कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में वारंटी एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीमों का गठन कर विभिन्न गांवों और मोहल्लों में दबिश दी गई। अभियान के दौरान 11 वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
गिरफ्तार किए गए वारंटियों में मुकेश पुत्र विजयपाल एवं रंजीत पुत्र प्यारेलाल निवासी प्रहलादपुर, वीरेश कुमार पुत्र मोतीराम निवासी नगला भूतल, नेत्रपाल सिंह पुत्र चोखेलाल निवासी सागरपुर, जसवीर पुत्र नेत्रपाल, हरीश पुत्र नेत्रपाल तथा विपिन पुत्र जसवीर निवासी मलिकपुर शामिल हैं। इसके अलावा नरेश जाटव पुत्र नत्थू उर्फ नाथूराम निवासी गंगागढ़, सन्नी जाटव पुत्र राममूर्ति निवासी मोहल्ला बदरिया, नरेंद्र उर्फ नर्रु पुत्र अतर सिंह तथा बबलू पुत्र रूम सिंह निवासी चंडौस को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे। गिरफ्तारी के बाद सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की गई और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। वारंटी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप का माहौल है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।