जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
बरेली जनपद के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर लगने से घायल हुए व्यक्ति को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव ठिरिया खेतल निवासी लाला राम पुत्र मैकू लाल शनिवार दोपहर घर से खाना खाने के बाद फतेहगंज पश्चिमी स्थित बैंक में रुपये निकालने जा रहे थे। इसी दौरान बरेली की ओर से तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि लाला राम सड़क किनारे बने डिवाइडर पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
गांव निवासी संदीप ने बताया कि लाला राम राजश्री कंपनी में कार्यरत हैं। वह बैंक में रुपये निकालने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल की जानकारी जुटाई जा रही है।