जागरण टुडे, बरेली
उत्तर प्रदेश के बरेली में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब शाम की सैर पर निकली महिलाएं भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। इज्जतनगर क्षेत्र में ईवनिंग वॉक पर निकली महिला को बाइक सवार लुटेरों ने उस समय निशाना बना लिया, जब इलाके की बिजली गुल हो गई। मोबाइल फोन पर बात कर रही महिला से बदमाश झपट्टा मारकर मोबाइल लूट ले गए। महिला ने विरोध करते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन सड़क पर गिरकर घायल हो गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद पुलिस ने चार दिन तक मामला दबाए रखा। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर अब रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जा रही है।
जानकारी के अनुसार इज्जतनगर थाना क्षेत्र के उत्सव पार्ट-टू निवासी समता शर्मा शनिवार देर शाम रोज की तरह ईवनिंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर कॉल आई और वह फोन पर बातचीत करते हुए टहलने लगीं। परिजनों के अनुसार जैसे ही इलाके की बिजली गई, उसी समय बाइक पर घूम रहे दो बदमाशों ने मौका देखकर झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया।
घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकीं। समता शर्मा ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दौड़ते समय सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे उनके पैर और कंधे में गंभीर चोट लग गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
पीड़िता के बेटे ईशान भारद्वाज, जो नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और फिलहाल वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं, ने बताया कि घटना की शिकायत उसी रात पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस ने मौके के आसपास छानबीन और चेकिंग भी की, लेकिन बदमाशों की बाइक का नंबर और चेहरे स्पष्ट न दिखने के कारण कोई ठोस सफलता नहीं मिली।
चार दिन तक वारदात दबाने का आरोप, एसपी सिटी के हस्तक्षेप के बाद हरकत में पुलिस
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों से साझा नहीं की और मामले को चार दिन तक दबाए रखा। जब मामला एसपी सिटी मानुष पारीक के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने तत्काल इज्जतनगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने और घटना के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
स्प्लेंडर बाइक से आए थे लुटेरे, बिना हेलमेट घूम रहे थे आरोपी
घटना को लेकर सामने आई जानकारी में यह भी पता चला कि बदमाश किसी हाई-स्पीड या पावर बाइक से नहीं, बल्कि साधारण स्प्लेंडर बाइक से आए थे। बाइक के पीछे बैठा युवक बिना हेलमेट के था और दोनों घटना से पहले इलाके में संदिग्ध रूप से घूमते देखे गए थे। सवाल यह भी उठ रहा है कि जिस समय बड़ी संख्या में लोग सैर के लिए सड़कों पर रहते हैं, उसी दौरान बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
एसपी सिटी बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मोबाइल छिनैती के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।