समर्थ बोले- कार्यकर्ताओं के भरोसे और जनता के विश्वास पर खरा उतरूंगा
समाजवादी पार्टी में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किए जाने के बाद पहली बार बरेली पहुंचे समर्थ मिश्रा का उनके सदस्यों ने आतिशबाजी कर और फूल मालाएं पहनाकर जोरदार किया गया। समर्थ मिश्रा के लखनऊ से लौटने की सूचना मिलने पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर एकत्र हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान समर्थ मिश्रा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का आभार जताया और कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं है, बल्कि बरेली के उन हजारों समाजवादी कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने वर्षों तक संगठन को मजबूत करने के लिए मेहनत की है।
समर्थ मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और भाईचारे की राजनीति करती है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, युवाओं को पार्टी से जोड़ना और जनता के मुद्दों को मजबूती के साथ पार्टी मंच तक पहुंचाना होगी। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से बरेली जनपद, विशेष रूप से कैंट विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं और जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं। सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और जनहित के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से जुड़ाव बना है।
एक सवाल की जवाब में समर्थ मिश्रा ने कहा कि वह कैंट विधानसभा से चुनाव की तैयारी में हैं। कैंट से पार्टी के कुछ और नेता भी चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह पार्टी के साथ हैं। शीर्ष नेतृत्व अगर किसी और को टिकट देता है तो वह उसे चुनाव लड़ाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज में सामाजिक समरसता, भाईचारा और विकास का वातावरण स्थापित करने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना होगा।
समर्थकों ने की जमकर आतिशबाजी
सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनने के बाद समर्थ मिश्रा के लखनऊ से लौटने का पता लगने पर तमाम कार्यकर्ता और समर्थक उनके घर जा पहुंचे और सड़क पर एकत्र होकर इंतजार करने लगे। शाम करीब सात बजे हूटर बजती गाड़ी में समर्थ मिश्रा अपने घर पहुंचे। उन्हें देखते ही समर्थकों ने नारेबाजी और पुष्प वर्षा शुरू कर दी। जमकर आतिशबाजी की गई। समर्थ मिश्रा ने गाड़ी से उतरने के बाद सभी का आभार जताया। इसके बाद मीडिया से रूबरू हुए।