Saturday, June 13, 2026

KASGANJ: सपा प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी के उठाए मुद्दे का असर......24 घंटे में हटा सड़क पर पड़ा विशाल पेड़

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 5, 2026

KASGANJ: सपा प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी के उठाए मुद्दे का असर......24 घंटे में हटा सड़क पर पड़ा विशाल पेड़

कस्बा गंजडुंडवारा मे हर नारायण इंटर कॉलेज के सामने 20 दिनों से बना था खतरा, सिंचाई विभाग ने मामला संज्ञान आते ही तत्काल कराई कार्रवाई

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कस्बा गंजडुंडवारा में हर नारायण इंटर कॉलेज के सामने कैनाल किनारे लगभग 20 दिनों से सड़क पर पड़ा विशाल पेड़ आखिरकार हटा दिया गया। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी द्वारा गुरुवार को मामला उठाए जाने और जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग किए जाने के बाद सिंचाई विभाग ने संज्ञान लेते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर पेड़ हटवाकर मार्ग को सुचारु करा दिया।


गौरतलब है कि करीब 20 दिन पूर्व आई तेज आंधी के दौरान कैनाल किनारे स्थित एक विशाल पेड़ धराशायी होकर सड़क पर गिर गया था। पेड़ के कारण मार्ग का बड़ा हिस्सा बाधित हो गया था, जिससे राहगीरों, स्कूली छात्रों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना था कि सड़क पर पड़ा पेड़ किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता था, लेकिन लंबे समय तक संबंधित विभागों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए सपा प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने जिलाधिकारी कासगंज से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि हर नारायण इंटर कॉलेज के सामने का यह मार्ग कस्बे का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों का आवागमन होता है।

मामले के प्रकाश में आने के बाद सिंचाई विभाग के एडीओ पंकज कश्यप ने तत्काल संज्ञान लिया और विभागीय टीम को निर्देशित कर सड़क पर पड़े विशाल पेड़ को हटवा दिया। पेड़ हटने के बाद मार्ग पूरी तरह सुचारु हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने संज्ञान के बाद सिंचाई विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार जनसमस्याओं पर तत्परता दिखाई जाए तो आम जनता को काफी राहत मिल सकती है। वहीं लोगों ने सपा प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी द्वारा जनहित का मुद्दा उठाने की भी सराहना की है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.