गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टुडे, कासगंज।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बेला रानी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शुक्ला ने पौधारोपण कर किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. ए.एन. चौहान एवं डीसीपीएम के.पी. सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ पर्यावरण, जलवायु संतुलन, जल संरक्षण तथा हरित वातावरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बेला रानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरणीय चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए सभी नागरिकों को अपने स्तर पर सकारात्मक कदम उठाने होंगे।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शुक्ला ने कहा कि एक पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, कार्यालय या आसपास के क्षेत्र में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखरेख करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जनपद को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का भी संकल्प व्यक्त किया।