शिकायतों के बावजूद कई कर्मियों को अन्य थानों में भेजा गया, जबकि कुछ कर्मचारी अब भी शाखा में बने हुए हैं।
गुड्डू यादव,
जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद की सीoईo आरo शाखा में तैनात पुलिस कर्मियों को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। जानकारी के अनुसार, विभिन्न थानों से पुलिसकर्मियों को सामान्यतः एक माह के लिए सीoईoआरo शाखा में ड्यूटी हेतु लगाया जाता है, लेकिन कई कर्मचारी पिछले लगभग एक वर्ष से इसी शाखा में कार्यरत हैं। इसे लेकर पुलिस विभाग के भीतर और आमजन के बीच सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सीओआर शाखा में लंबे समय से कार्यरत कुछ कर्मचारियों के खिलाफ पूर्व में शिकायतें भी सामने आई थीं। इसके बावजूद उन्हें शाखा से हटाने के बजाय अन्य थानों में तैनाती दिए जाने की चर्चा है। वहीं, कुछ कर्मचारी अब भी सीओआर शाखा में बने हुए हैं, जिससे स्थानांतरण प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शोएब आलम, सतीश चंद्र, अमन प्रताप सिंह, सत्तार अली, अविनाश सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, धीरेन्द्र, सुधीर कुमार, प्रेम सिंह, लोकेंद्र सिंह, मिंटू कुमार, राहुल चाहर, हरेंद्र नायक, इंदल कुमार तथा प्रशांत को शाखा से नहीं हटाया गया है और वे अभी भी वहीं कार्यरत बताए जा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा, हरिओम, गौरव राठौर, नितिल सोलंकी, अजीत सिंह, सौरभ यादव, सचिन चौधरी, हेमलता, परमीला तथा अर्चना चौहान को शाखा से हटाकर अन्य स्थानों पर तैनाती दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस पूरे मामले को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि सीoईoआरo शाखा में तैनाती की अवधि निर्धारित है तो उसका पालन सभी कर्मियों पर समान रूप से होना चाहिए। साथ ही, शिकायतों के आधार पर कार्रवाई और स्थानांतरण की प्रक्रिया भी पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए।
हालांकि, इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि विभाग की ओर से कोई स्पष्टीकरण जारी किया जाता है तो स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।