गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
जनपद के थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के बहारपुर गांव से एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची के अचानक गायब हो जाने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोही पुत्री राहुल, उम्र लगभग 4 वर्ष, दिनांक 06 जून 2026 को शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच अपने गांव बहारपुर से लापता हो गई। परिजनों के अनुसार बच्ची घर के आसपास खेल रही थी, लेकिन कुछ देर बाद वह दिखाई नहीं दी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा संभावित स्थानों पर बच्ची की खोज की जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और बच्ची का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।
क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो या वह कहीं दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन, पुलिस कंट्रोल रूम, पीआरवी-112 अथवा थाना गंजडुंडवारा पुलिस को दें।साथ ही बच्ची के फोटो कई ग्रुपो में भेजकर लोगों से सहयोग मांगा है।
परिजनों ने भी लोगों से सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि बच्ची के बारे में कोई भी छोटी-बड़ी जानकारी उसके सुरक्षित मिल जाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। पूरे गांव में बच्ची की तलाश जारी है और परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी विश्वसनीय सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है। बच्ची की तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीण संयुक्त रूप से प्रयास कर रहे हैं।