जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कोतवाली गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव बहारपुर से लापता हुई 4 वर्षीय मासूम आरोही का 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बेटी की एक झलक पाने को परिजनों की आंखें दरवाजे और गांव की गलियों पर टिकी हुई हैं। मासूम के अचानक गायब हो जाने से परिवार में जहां मातम जैसा माहौल है, वहीं पूरे गांव में चिंता और बेचैनी व्याप्त है। बच्ची की तलाश में पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के साथ विशेष अभियान चलाया है और लगातार खोजबीन की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोही पुत्री राहुल (उम्र लगभग 4 वर्ष) 6 जून 2026 की शाम करीब 4 बजे अपने घर के आसपास बच्चो के साथ खेल रही थी। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसे आसपास तलाशना शुरू किया। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना थाना गंजडुंडवारा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। अब मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया , जिसने बच्ची के कपड़ों और अन्य वस्तुओं के आधार पर संभावित मार्गों एवं स्थानों पर खोजबीन की। पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस द्वारा गांव के आसपास स्थित खेतों, बागों, तालाबों, खाली पड़े स्थानों तथा संभावित मार्गों पर लगातार जांच-पड़ताल की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हर संभव जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। डॉग स्क्वॉड सहित उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
उधर, मासूम आरोही के लापता होने से माँ काजल एवं पिता राहुल सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की आंखें बेटी की राह देखते-देखते नम हैं, जबकि पिता और अन्य परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। गांव के लोग भी बच्ची की सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और पुलिस का सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस ने बच्ची का फोटो सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में प्रसारित कर आमजन से सहयोग मांगा है, और किसी भी विश्वसनीय सूचना को तत्काल पुलिस, पीआरवी-112 अथवा कोतवाली गंजडुंडवारा को देने की अपील की है।
48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मासूम आरोही का कोई सुराग न मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है, जबकि पूरा क्षेत्र उसकी सकुशल वापसी की दुआ कर रहा है।