जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव बाहरपुर से शनिवार शाम लापता हुई चार वर्षीय मासूम आरोही की तलाश मंगलवार सुबह दर्दनाक अंत के साथ समाप्त हुई। करीब दो दिन से अधिक तक चली खोजबीन के बाद बच्ची का शव गांव के निकट एक खेत से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बाहरपुर निवासी राहुल की चार वर्षीय पुत्री आरोही शनिवार शाम करीब पांच बजे अपने घर के बाहर आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह घर से कुछ दूरी तक निकल गई। ग्रामीणों के अनुसार उसे गांव के मंदिर की ओर जाते हुए देखा गया था, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।
काफी देर तक बच्ची के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की मदद से खेतों, रास्तों और आसपास के संभावित स्थानों पर देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना गंजडुंडवारा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश अभियान शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने लगातार क्षेत्र में खोजबीन की और हर संभावित स्थान पर तलाश की।
सोमवार को खोजी श्वान (डॉग स्क्वॉड) को भी मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड की सहायता से आसपास के क्षेत्रों, खेतों और संभावित मार्गों को खंगाला गया, लेकिन तब भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस द्वारा ग्रामीणों से पूछताछ, आसपास की गतिविधियों की जांच और अन्य पहलुओं पर भी काम किया जा रहा था।
इसी बीच मंगलवार सुबह गांव के निकट एक खेत में बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मासूम का शव मिलने की खबर सुनते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटी के शव को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बच्ची की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है, ताकि मासूम की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।