Friday, June 12, 2026

Bareilly News : मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 10, 2026

Bareilly News : मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)

आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद बरेली के मीरगंज कस्बे की नवनिर्मित पुलिस चौकी पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मीरगंज कोतवाली के  प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार तथा चौकी प्रभारी पंकज गौतम ने की। इसमें विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

बैठक में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले जुलूसों, धार्मिक आयोजनों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी रवि कुमार ने उपस्थित लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहर्रम केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी सम्मान का भी प्रतीक है। ऐसे में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने की आशंका हो तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें।

चौकी प्रभारी पंकज गौतम ने मोहर्रम जुलूस और अन्य कार्यक्रमों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराए जाएं। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों ने भी मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का भरोसा दिलाया तथा प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में अधिकारियों ने सभी नागरिकों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.