मुखबिर की सूचना पर नई बस्ती की गली में पुलिस का छापा, सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
अनवर खांन, सहावर
जागरण टूडे। जनपद कासगंज के सहावर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे सात लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी और ताश के पत्ते भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहावर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मैन चौराहा से नई बस्ती जाने वाली गली में खाली पड़ी जमीन पर कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा ने तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन घेराबंदी कर सात आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय, नरेन्द्र, राहुल, सुधीश, शाजिद, कुंवरपाल और टिन्नू निवासी सहावर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से कुल 2,620 रुपये नगद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा, उपनिरीक्षक रवीन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल आशुतोष त्रिपाठी, कांस्टेबल नीरज कुमार तथा कांस्टेबल रवि राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।