अनवर खांन, सहावर।
जागरण टूडे, सहावर (कासगंज)।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहावर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी अभियुक्त विभिन्न मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे थे और गिरफ्तारी से बच रहे थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने गांव जमालपुर निवासी भूरे और करन सिंह, गांव गुडगुड़ी निवासी कामता उर्फ ओमवीर, गांव अभूपुरा निवासी महावीर तथा मोहल्ला बंगश निवासी छोटल्ला मेवाती को गिरफ्तार किया। इसके अलावा जमालपुर निवासी महिला वारंटी मधु और प्रेमवती को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी अलग-अलग आपराधिक मामलों में न्यायालय द्वारा जारी वारंटों के तहत वांछित थे। इनके विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज, शांति भंग करने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं। वारंट जारी होने के बावजूद आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचते रहे, जिसके बाद उनके विरुद्ध विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण और न्यायालय से जारी वारंटों के त्वरित निष्पादन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखने की मांग की है।