Tuesday, July 28, 2026

मथुरा एफएसडीए का अचार फैक्टरी में छापा

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 16, 2026

मथुरा एफएसडीए का अचार फैक्टरी में छापा

कोसी इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में अस्वच्छ हालात में रखा मिला 1155 किलो हरी मिर्च का अचार, सोया सॉस समेत दो नमूने जांच को भेजे

जागरण टुडे, मथुरा

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कोसी-कोटवन औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक अचार निर्माण इकाई पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान फैक्टरी में अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित लगभग 1155 किलोग्राम हरी मिर्च का अचार मिला, जिसे जब्त कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुपुर्दगी में दे दिया गया। वहीं हरी मिर्च के अचार और सोया सॉस के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।


आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर जिले में प्रसंस्कृत फल, सब्जी, जैम, जेली और अचार उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने तहसील छाता क्षेत्र के कोसी-कोटवन इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ट्रोम्स इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को अचार निर्माण में उपयोग की जा रही हरी मिर्च अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित मिली। निरीक्षण टीम ने मौके से हरी मिर्च के अचार का नमूना संग्रहित किया और लगभग 1155 किलोग्राम अचार को जब्त कर लिया। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि खाद्य पदार्थों के भंडारण में लापरवाही उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

इसके अलावा गोवर्धन क्षेत्र से सोया सॉस का भी नमूना लिया गया। दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।

सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि प्रयोगशाला जांच में नमूने मानक के विपरीत पाए गए तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह, अरुण कुमार राणा, राम नरेश और मोहर सिंह शामिल रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.