राज्य सरकार ने सुरजीत उर्फ सुजीत पाण्डेय, कुलदीप पाण्डेय और संदीप पाण्डेय की राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत निरुद्धि की पुष्टि की
जागरण टूडे, कासगंज।
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के तहत फर्जी किसान संगठन की आड़ में दहशत एवं अराजकता फैलाने के आरोपित तीन हिस्ट्रीशीटरों की राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका/NSA) के तहत निरुद्धि अवधि 12 माह तक बढ़ा दी गई है। राज्य सरकार ने जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की पुष्टि करते हुए यह निर्णय लिया है।
जिला मजिस्ट्रेट कासगंज एवं पुलिस अधीक्षक कासगंज की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार सुरजीत उर्फ सुजीत पाण्डेय, कुलदीप पाण्डेय तथा संदीप पाण्डेय के विरुद्ध पूर्व में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। समीक्षा के बाद राज्य सरकार ने उनकी निरुद्धि को यथावत रखते हुए अवधि को 12 माह तक बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की है।
प्रशासन के अनुसार उक्त अभियुक्त अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं, जिससे लोक व्यवस्था एवं जनसामान्य की सुरक्षा प्रभावित होती रही है। उनके विरुद्ध महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति उत्पीड़न, लूट, डकैती, अवैध कब्जा, रंगदारी तथा अवैध वसूली समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्तों द्वारा किसान हितों के नाम पर संगठनात्मक गतिविधियों की आड़ लेकर समय-समय पर सड़क जाम तथा अन्य अव्यवस्थाएं उत्पन्न की जाती थीं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होता था। प्रशासन का दावा है कि उनकी गतिविधियों के कारण व्यापारी वर्ग सहित आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।
जिला प्रशासन का मानना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रासुका के तहत की गई कार्रवाई आवश्यक थी। राज्य सरकार द्वारा निरुद्धि अवधि बढ़ाए जाने को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।