गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
श्री रामलीला कमेटी (पंजीकृत), कासगंज के वर्ष 2026-27 के अध्यक्ष पद के लिए चल रही चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत शनिवार को दो प्रमुख प्रत्याशियों गोपाल मराठा एवं श्री अमरीश वशिष्ठ ने अपना-अपना नामांकन पत्र विधिवत प्रस्तुत किया। दोनों प्रत्याशियों ने चुनाव अधिकारियों अखिलेश अग्रवाल सर्राफ एवं गोपाल माहेश्वरी के समक्ष श्री जी ज्वैलर्स, नदरई गेट, कासगंज स्थित चुनाव कार्यालय पर अपने नामांकन जमा किए।
इस अवसर पर चुनाव अधिकारियों ने बताया कि समिति द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णय के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए वही सदस्य चुनाव लड़ने के पात्र होंगे, जिनकी आयु 30 जून 2026 तक न्यूनतम 35 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो। उन्होंने बताया कि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 26 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अध्यक्ष पद का चुनाव 30 जून 2026 को गंगा देवी धर्मशाला, कासगंज में संपन्न कराया जाएगा।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल तीन नामांकन पत्र प्राप्त हो चुके हैं। गोपाल मराठा एवं अमरीश वशिष्ठ के अतिरिक्त अमित वार्ष्णेय भी पूर्व में अपना नामांकन पत्र जमा कर चुके हैं। इस प्रकार अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मुकाबला रोचक होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि तीनों प्रत्याशी समिति के सक्रिय एवं अनुभवी सदस्य माने जाते हैं। श्री गोपाल मराठा पूर्व में श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पद का सफलतापूर्वक दायित्व निभा चुके हैं, जबकि श्री अमरीश वशिष्ठ समिति में कोषाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। वहीं अमित वार्ष्णेय भी समिति की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान समिति के अनेक सदस्य एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। इनमें अनिल अग्रवाल सर्राफ, दिनेश अग्रवाल, मनोज सिंघल, सौरभ सिंघल, रिंकू अग्रवाल, अखलेश, कृष्ण मुरारी दरगढ़, टोनी बिंदल, अशोक गौड़, संभव जैन, गौरव पाल, चंद्रशेखर माहेश्वरी, आदित्य गुप्ता एवं आकाश गोयल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।