जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर जनपद कासगंज में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) नेटवर्क के माध्यम से व्यापक स्तर पर योग जागरूकता अभियान एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले के सभी जन सेवा केंद्रों पर योग दिवस को लेकर विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रमों में आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
सीएससी जिला प्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिले के सभी वीएलई (Village Level Entrepreneurs) को अपने-अपने केंद्रों पर योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह 7 बजे से प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी सभी जन सेवा केंद्रों पर दिखाया जाएगा, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिक कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।
प्रधानमंत्री के संबोधन और प्रसारण के उपरांत भारत सरकार द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है, ताकि योग के प्रति जागरूकता को और अधिक बढ़ाया जा सके।
सीएससी नेटवर्क के माध्यम से जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक योग का संदेश पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सभी केंद्र संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें, कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा आयोजन की फोटो एवं वीडियो रिपोर्ट निर्धारित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड करें।
सुशील कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने निकटतम सीएससी केंद्र पर पहुंचकर योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने तथा नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सीएससी केंद्र केवल डिजिटल सेवाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का यह आयोजन स्वस्थ भारत और फिट इंडिया के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।