जब खतरा सिर पर मंडराने लगा तो याद आई अग्निसुरक्षा, चार संस्थानों में पहुंची फायर टीम, बेसमेंट संचालन पर लगी रोक
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। अक्सर हादसे होने के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था की नींद खुलती है। कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों देखने को मिल रहा है। लखनऊ में कोचिंग सेंटर से जुड़े हादसे ने प्रशासनिक महकमों को झकझोर दिया तो अब कासगंज में भी अग्निसुरक्षा को लेकर अचानक सक्रियता बढ़ गई है। मंगलवार को अग्निशमन विभाग ने शहर के चार कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की तथा बेसमेंट में संचालित संस्थानों को तत्काल प्रभाव से संचालन बंद करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह के निर्देशन में चले इस अभियान के तहत फोकस लाइब्रेरी, लक्ष्य कोचिंग सेंटर, NRL लाइब्रेरी और विजडम वैल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। फायर विभाग की टीम ने अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत फिटिंग और फायर एनओसी की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थान बेसमेंट में संचालित होते मिले। इसके बाद अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का हवाला देते हुए ऐसे संस्थानों को तत्काल बेसमेंट में संचालन बंद करने के निर्देश जारी किए। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि बेसमेंट में संचालन सुरक्षा मानकों के खिलाफ था तो यह व्यवस्था अब तक किसकी नजरों से ओझल रही? क्या संबंधित विभागों ने पहले कभी इसकी समीक्षा नहीं की या फिर हादसे का इंतजार किया जा रहा था।
फायर विभाग ने मौके पर मौजूद स्टाफ को फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण भी दिया। कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में कैसे शांत रहकर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए और फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना दी जाए।
अधिकारियों ने संस्थानों को निकास मार्ग अवरोध मुक्त रखने, विद्युत लोड संतुलित रखने और नियमित मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे निरीक्षण और प्रशिक्षण नियमित रूप से होते रहें तो सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर भी दिखाई दे सकती है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्निसुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग का दावा है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।