Tuesday, July 28, 2026

बरेली के विकास पर भाजपा सरकार से जवाब मांगा, अधूरी परियोजनाओं और स्मार्ट सिटी कार्यों पर सपा नेता ने उठाए सवाल

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 29, 2026

बरेली के विकास पर भाजपा सरकार से जवाब मांगा, अधूरी परियोजनाओं और स्मार्ट सिटी कार्यों पर सपा नेता ने उठाए सवाल

जागरण टुडे, बरेली

 समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मयंक शुक्ला ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बरेली के विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी और अन्य विकास योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद शहर की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

मयंक शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन की गई कई परियोजनाएं अब तक आम जनता के उपयोग में नहीं आ सकी हैं। उन्होंने स्काईवॉक, संजय कम्युनिटी हॉल परिसर स्थित अमृत सरोवर और रेलवे स्टेशन के पास नगर निगम द्वारा निर्मित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं पर सार्वजनिक धन खर्च होने के बावजूद उनका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने इन कार्यों पर हुए खर्च का सार्वजनिक विवरण जारी करने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

उन्होंने काष्ठकला केंद्र में निर्माणाधीन परियोजना को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पहले निर्माण कराया गया, फिर उसे तोड़ा गया और दोबारा निर्माण कराया जा रहा है। इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग भी उन्होंने की। इसके अलावा सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत दीनदयालपुरम क्षेत्र में अधूरे पड़े विकास कार्यों पर भी उन्होंने चिंता जताई।

प्रेस वार्ता में मयंक शुक्ला ने शहर की विभिन्न नागरिक समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बरेली की सड़कों की स्थिति खराब है, वायु प्रदूषण बढ़ रहा है और यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने रैन बसेरों और अलाव की अपर्याप्त व्यवस्था, एम्स परियोजना की प्रगति, 300 बेड अस्पताल के पूर्ण संचालन, 100 बेड यूनानी अस्पताल, क्रिटिकल केयर अस्पताल, सीबीगंज आईटी पार्क, स्मार्ट मीटर योजना, खुले मेनहोल, सुभाषनगर पुलिया और ट्रैफिक सिग्नलों की स्थिति पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। किला ओवरब्रिज और वर्षों से बंद पड़े स्काईवॉक का उल्लेख करते हुए उन्होंने इन्हें सरकारी धन के दुरुपयोग का उदाहरण बताया।

मयंक शुक्ला ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि अधूरी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए, सार्वजनिक धन के उपयोग का पारदर्शी विवरण जनता के सामने रखा जाए और यदि कहीं अनियमितता हुई है तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रेस वार्ता में भुवनेश यादव, विक्रांत सिंह पाल, राहुल यादव, अभिषेक यादव और मुजाहिद खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.