Tuesday, July 28, 2026

मुख्यमंत्री से मिले भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, बदायूं के विकास पर की चर्चा

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 30, 2026

मुख्यमंत्री से मिले भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, बदायूं के विकास पर की चर्चा

मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने का किया आग्रह

जागरण टुडे, बदायूं

बरेली सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने शिष्टाचार भेंट कर जनपद के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और कांवड़ यात्रा की तैयारियों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बदायूं आगमन का आमंत्रण भी दिया। साथ ही जनपद की कई महत्वपूर्ण आवश्यकताओं से अवगत कराया।

भेंट के दौरान जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बदायूं में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए लंबित एवं प्रस्तावित योजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने बदायूं मेडिकल कॉलेज और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की। 

बातचीत के दौरान आगामी सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर निर्बाध यातायात, पर्याप्त पुलिस व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, बिजली और प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। यात्रा मार्गों की नियमित निगरानी हो और प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा करता रहे। साथ ही ऐसी प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू की जाए, जिससे कांवड़ यात्रियों को सुगमता मिले और आम नागरिकों का दैनिक आवागमन भी अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बदायूं आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने जनपद के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.