Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ NEWS आधार कार्ड क्लोन कर UIDAI डेटा में सेंध लगाने वाला शातिर गिरफ्तार, एसटीएफ और सहावर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 1, 2026

KASGANJ NEWS आधार कार्ड क्लोन कर UIDAI डेटा में सेंध लगाने वाला शातिर गिरफ्तार, एसटीएफ और सहावर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

लैपटॉप, मोबाइल, प्रिंटर, टैबलेट समेत डिजिटल उपकरण बरामद, आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज


जागरण टूडे, अनवर खांन, सहावर

अपराध नियंत्रण और साइबर धोखाधड़ी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सहावर पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधार कार्ड की क्लोन आईडी तैयार कर अवैध रूप से धन अर्जित करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गंगाप्रसाद के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी दुर्गेश कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा एवं यूपी एसटीएफ की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कनोई में छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया।



थाना प्रभारी गोविन्द बल्लभ शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद अकील सैफी पुत्र मोहम्मद हासिम सैफी, निवासी ग्राम कनोई, थाना सहावर, के रूप में हुई है। उसे 30 जून की रात करीब 9:15 बजे उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के डेटा का अनधिकृत उपयोग कर आधार कार्डों की क्लोन आईडी तैयार करने और उनका अवैध इस्तेमाल कर आर्थिक लाभ कमाने का आरोप है। आरोपी के विरुद्ध थाना सहावर में आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, दो लैपटॉप (चार्जर सहित), एक इंटरनेट मॉडम, एक जियो वाई-फाई डिवाइस, एक प्रिंटर, एक लेनोवो टैबलेट तथा एक फ्रोंक्स कार बरामद की है। बरामद उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिससे डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा सकें।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों के आधार कार्ड की क्लोन आईडी तैयार की, किन-किन लोगों का डेटा इस्तेमाल किया गया और इस पूरे रैकेट में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, कांस्टेबल अश्वनी मलिक, कांस्टेबल अशोक कुमार तथा यूपी एसटीएफ के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.