जागरण टुडे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/निकाह योजना के तहत बुधवार को एटा में आयोजित भव्य समारोह में खुशियों का अनूठा नजारा देखने को मिला। जिले को मिले 400 जोड़ों के लक्ष्य के सापेक्ष 370 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया, जबकि शेष पात्र जोड़ों का सत्यापन कार्य जारी है। सत्यापन पूर्ण होने के बाद उनका विवाह भी कराया जाएगा।
भव्य पंडाल में हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलानाओं ने इस्लामिक परंपराओं के अनुसार पढ़ाया। पूरे आयोजन में उत्सव का माहौल रहा और नवदंपतियों के साथ आए परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती रही।
समारोह में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद, समृद्ध और उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए नई जिंदगी की शुरुआत का माध्यम बन रही है। शासन की मंशा के अनुरूप पात्र परिवारों को सम्मानपूर्वक योजना का लाभ दिलाया जा रहा है।
योजना के तहत प्रत्येक नवदंपति को 64 हजार रुपये का लाभ दिया गया। इसमें निर्धारित धनराशि के साथ गृहस्थी का आवश्यक सामान, वस्त्र, आभूषण और अन्य उपहार भी उपलब्ध कराए गए, ताकि नवविवाहित जोड़े अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मानपूर्वक कर सकें।
राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है और परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम हो रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता, राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में बेहतर व्यवस्थाओं के साथ भोजन, बैठने और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।