फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और सुरक्षा उपकरणों की हुई जांच, नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जागरण टूडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बच्चों के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने जिलेभर में स्कूल वाहनों की विशेष जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) आर.पी. मिश्रा स्वयं सड़कों पर उतरे और विभिन्न स्कूलों की बसों एवं वैनों का सघन निरीक्षण किया।
जांच के दौरान एआरटीओ ने कई स्कूल वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। अभियान में वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। इसके अलावा प्रत्येक वाहन में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर), आपातकालीन निकास, स्पीड गवर्नर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी परखी गई।
एआरटीओ आर.पी. मिश्रा ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे होंगे अथवा जो निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना परिवहन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधकों, वाहन संचालकों और वाहन स्वामियों से अपील की कि वे अपने वाहनों को सड़क पर उतारने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पूर्ण पालन करें। इससे बच्चों को सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
परिवहन विभाग का कहना है कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सतत प्रयास है। विभाग द्वारा समय-समय पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निरीक्षण अभियान चलाए जाते रहेंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन करने वाले वाहन संचालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी