Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ NEWS पटियाली में दिनदहाड़े घर में घुसे तीन बदमाश, तमंचे के बल पर दंपती को बनाया बंधक; एक गिरफ्तार, दो की घेराबंदी

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 3, 2026

KASGANJ NEWS पटियाली में दिनदहाड़े घर में घुसे तीन बदमाश, तमंचे के बल पर दंपती को बनाया बंधक; एक गिरफ्तार, दो की घेराबंदी


मुख्य द्वार खुलते ही गृहस्वामी पर तमंचे की बट से हमला, एक बदमाश भागा, दो को पुलिस ने मकान में घेरा।


जागरण टूडे, राहुल गुप्ता, पटियाली

कासगंज जनपद के पटियाली कस्बे में शुक्रवार शाम दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गंजडुंडवारा रोड स्थित एक मकान में स्प्लेंडर बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने घर का मुख्य दरवाजा खुलवाकर गृहस्वामी पर हमला कर दिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपती को बंधक बनाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर दी। देर शाम तक दो बदमाश मकान के भीतर पुलिस की निगरानी में घिरे हुए थे, जबकि एक बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, करीब 32 वर्षीय राहुल यादव पुत्र रविंद्र यादव अपनी पत्नी 30 वर्षीय टिंकी यादव और 10 वर्षीय पुत्र आर्यांश के साथ गंजडुंडवारा रोड स्थित अपने मकान में रहते हैं। शुक्रवार शाम लगभग 4:30 बजे स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक उनके घर पहुंचे और मुख्य द्वार की कुंडी खटखटाई। जैसे ही राहुल यादव ने दरवाजा खोला, बदमाशों ने तमंचे की बट से उनकी नाक पर प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया।



राहुल की पत्नी टिंकी यादव ने बताया कि हमले के बाद बदमाशों ने दोनों को पकड़कर बंधक बनाने की कोशिश की। किसी तरह उन्होंने अपने हाथ छुड़ाए और घर के बाहर निकलकर शोर मचा दिया।मैन गेट बंद कर शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे। इसी दौरान एक बदमाश तीन मंजिला मकान से कूदकर भाग निकला, जबकि दो बदमाश मकान के भीतर ही रह गए।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इंस्पेक्टर अजयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे मकान की घेराबंदी कर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी और दोनों बदमाश मकान के भीतर घिरे हुए थे।

टिंकी यादव ने बताया कि वर्ष 2021 में सड़क दुर्घटना में उनके पति घायल हो गए थे। इसके बाद परिवार ग्राम रामनगर से पटियाली आकर अपने नए मकान में रहने लगा था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बदमाशों के मकान में घुसने के उद्देश्य और उनकी पहचान का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.