पारंपरिक खेल, सहभोज और प्रेरक उद्बोधनों के माध्यम से संगठन, समरसता एवं राष्ट्रभावना का दिया संदेश
जागरण टूडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कासगंज नगर द्वारा रविवार प्रातः शेमफोर्ड विद्यालय परिसर में वन विहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में नगर के विभिन्न क्षेत्रों एवं बस्तियों से सैकड़ों स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और आत्मीयता का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक एवं शारीरिक खेलों से हुई। विभिन्न खेलों के माध्यम से स्वयंसेवकों को संगठन, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, समरसता तथा टीम भावना का संदेश दिया गया। इस दौरान "भारत माता की जय" सहित राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत उद्घोषों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का समापन संघ प्रार्थना एवं प्रेरक उद्बोधनों के साथ हुआ।
इसके बाद सभी स्वयंसेवकों ने एक साथ सहभोज किया। सहभोज के माध्यम से सामाजिक समरसता, पारस्परिक बंधुत्व एवं आत्मीय संबंधों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
नगर कार्यवाह अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि वन विहार कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों में नई ऊर्जा, उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की भावना का संचार करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्वयंसेवकों के बीच आत्मीय संबंध मजबूत होते हैं और संघ कार्य को नई गति एवं विस्तार मिलता है।
नगर प्रचार प्रमुख वैभव उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम में कासगंज नगर से बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जो संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण का परिचायक है।
कार्यक्रम में विभाग संघचालक उमाशंकर शर्मा ने स्वयंसेवकों को संघ कार्य को अधिक गति देने का आह्वान किया। एटा विभाग प्रचारक आशुतोष जी तथा सहारनपुर विभाग प्रचारक कुलदीप जी ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उनके विचारों से उपस्थित स्वयंसेवकों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर विभाग व्यवस्था प्रमुख अमलेन्दु जी, विभाग प्रचार प्रमुख नरेश नंदन जी, जिला प्रचारक आर्येंद्र जी, जिला संघचालक दीपराज जी, सह जिला संघचालक होशियार सिंह जी, सह जिला कार्यवाह विनीत जी, वेदप्रकाश जी, जुगेंद्र जी, भगवती जी, भगवान दास जी, सुदीप जी, विवेक गुप्ता, कुणाल साहू, राजीव पचौरी, मोहित वार्ष्णेय, अमित जी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।