एटा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक नगर स्वेताभ पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ऑपरेशन आयुध के तहत अलीगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी कर अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक शातिर हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। मौके से बने और अधबने तमंचों के साथ हथियार बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह अवैध रूप से तमंचे तैयार कर रहा था। मौके से दो तैयार तमंचे, एक अधबना तमंचा, कारतूस तथा तमंचा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में भी अवैध असलहा फैक्ट्री संचालित करने के मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा अवैध हथियार बनाने और उनकी तस्करी का नेटवर्क खड़ा कर लिया था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह तैयार किए गए अवैध तमंचों की सप्लाई एटा सहित आसपास के कई जनपदों में करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध असलहा बनाने, बेचने और तस्करी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।