Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: बाइक लूटकर फरार था... पुलिस से हुई आमने-सामने की मुठभेड़,पैर में गोली लगते ही दबोचा

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 6, 2026

KASGANJ: बाइक लूटकर फरार था... पुलिस से हुई आमने-सामने की मुठभेड़,पैर में गोली लगते ही दबोचा

कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, तमंचे के साथ दबोचा गया लूटकांड का वांछित आरोपी

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। जिले में बाइक लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे बदमाश की सोमवार को पुलिस से आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।


पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में कोतवाली कासगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।


एसपी ओ पी सिंह के अनुसार 27 जून को मंडी बिलराम निवासी सचिन कुमार से चांडी रोड स्थित नगला चीटा के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल लूट ली थी। इस संबंध में कोतवाली कासगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।


सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नोरथा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान वांछित आरोपी परमवीर विक्रम जीत उर्फ बंटी निवासी ग्राम नरदौली थाना सिकंदरपुर वैश्य (हाल निवासी गोयती, थाना सोरों) ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल आरोपी को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत सामान्य है।

गिरफ्तारी एवं मुठभेड़ की कार्रवाई में कोतवाली कासगंज के प्रभारी निरीक्षक श्री अवधेश भदौरिया अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे। वही कार्रवाई में एसओजी और सर्विलांस टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा लूट की घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.