सौतेली बेटी से दुष्कर्म के आरोप में पूछताछ के लिए बुलाया गया था आरोपी
उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र में सौतेली बेटी से दुष्कर्म के आरोप में पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति की रविवार देर रात तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। मामले में पुलिस ने कहा है कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, सिंधौली ब्लॉक के मुड़िया पमार गांव निवासी व्यक्ति के खिलाफ उसकी सौतेली बेटी ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रविवार को थाने में तहरीर दी थी। पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता की मृत्यु के बाद मां ने दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद करीब तीन वर्षों तक सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर आरोपी ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया और उसकी मां ने भी उसका साथ दिया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दो माह पहले उसकी शादी हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी आरोपी उसे मायके बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। पति को पूरी घटना बताने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
तहरीर मिलने के बाद सिंधौली पुलिस ने आरोपी को रविवार दोपहर पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब एक बजे आरोपी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल सिंधौली सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सिंधौली सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अभिषेक के अनुसार, अस्पताल लाए जाने के समय आरोपी का ब्लड प्रेशर करीब 210 था और ऑक्सीजन स्तर भी सामान्य नहीं था। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया था।
उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने शुरुआती तौर पर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि एक दरोगा और एक सिपाही उन्हें धमका रहे थे। पुलिस ने इन आरोपों की भी जांच की बात कही है।
एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।