Tuesday, July 28, 2026

दिल्ली यार्ड में चार दिन का मेगा ब्लॉक, दो ट्रेनों का बदला मार्ग

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: July 7, 2026

दिल्ली यार्ड में चार दिन का मेगा ब्लॉक, दो ट्रेनों का बदला मार्ग

नांदेड़ के लिए साप्ताहिक एक्सप्रेस 12 जुलाई से, समय सारणी जारी

जागरण टुडे, बरेली

यात्रियों की सुरक्षा और रेल अवसंरचना को अधिक आधुनिक एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से रेलवे ने दिल्ली मंडल के दिल्ली यार्ड में 5 अगस्त से 8 अगस्त तक पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इस दौरान मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरने वाली दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।


दो ट्रेनों का मार्ग रहेगा परिवर्तित

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 04651 जयनगर–अमृतसर एक्सप्रेस, जो 7 अगस्त को अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना होगी, अपने नियमित गाजियाबाद–दिल्ली–सब्जी मंडी मार्ग के बजाय गाजियाबाद–नई दिल्ली–सब्जी मंडी मार्ग से संचालित होगी। इस परिवर्तन के कारण ट्रेन का दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम–जैसलमेर एक्सप्रेस का संचालन 5, 6 और 7 अगस्त को गाजियाबाद–दिल्ली–दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग के स्थान पर गाजियाबाद–नई दिल्ली–दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से किया जाएगा। इस ट्रेन का भी दिल्ली स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा। रेलवे ने कहा है कि यह व्यवस्था केवल ब्लॉक अवधि के दौरान लागू रहेगी और कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन पुनः निर्धारित मार्ग से किया जाएगा।

12 जुलाई से शुरू होगी नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस

इधर रेलवे बोर्ड ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए नांदेड़-टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस (17631/17632) की समय सारणी जारी कर दी है। इस ट्रेन का नियमित संचालन 12 जुलाई से शुरू होगा। यह नई रेल सेवा बरेली मंडल के यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभदायक साबित होगी, क्योंकि इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र और महाराष्ट्र के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।

यह ट्रेन बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, पीलीभीत और खटीमा होते हुए टनकपुर तक जाएगी। इससे बरेली, पीलीभीत, खटीमा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र के कई प्रमुख शहरों तक बिना ट्रेन बदले यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।


नांदेड़ से 12 जुलाई को रवाना होगी

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 17631 नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को चलेगी। पहली यात्रा 12 जुलाई को नांदेड़ से शुरू होगी। बरेली जंक्शन पर ट्रेन रात्रि 2:28 बजे पहुंचेगी और 2:30 बजे टनकपुर के लिए रवाना होगी। इसके बाद यह इज्जतनगर 3:00 बजे, पीलीभीत 4:00 बजे, खटीमा 4:50 बजे पहुंचेगी और सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।


टनकपुर से सुबह 9 बजे होगी रवाना

गाड़ी संख्या 17632 टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को संचालित होगी। इसकी पहली वापसी यात्रा 14 जुलाई को होगी। यह ट्रेन सुबह 9:00 बजे टनकपुर से रवाना होकर बरेली जंक्शन 11:30 बजे पहुंचेगी तथा 11:32 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।

सभी श्रेणी के कोच होंगे उपलब्ध

मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि नई ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, जिससे सभी वर्गों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह नई रेल सेवा बरेली मंडल के यात्रियों के लिए लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करेगी और उत्तर भारत से मध्य प्रदेश तथा महाराष्ट्र तक सीधी एवं सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प उपलब्ध कराएगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ब्लॉक अवधि में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.