मथुरा। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम के अंतर्गत संचालित कृष्ण कुटीर महिला आश्रय सदन, नगला रामताल, वृंदावन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रय सदन में रह रही 325 वृद्ध एवं विधवा माताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया।
निरीक्षण के समय जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चन्द्र, संस्था की प्रशासनिक अधिकारी शिल्पा मुरगई तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने आश्रय सदन के विभिन्न आवासीय कक्षों, रसोईघर, डाइनिंग हॉल और स्टोर रूम का निरीक्षण कर साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
डॉ. पूजा गुप्ता ने आश्रय सदन में निवास कर रही वृद्ध एवं विधवा माताओं से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, भोजन की गुणवत्ता, दैनिक आवश्यकताओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने माताओं की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना तथा व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान पाया गया कि आश्रय सदन में नियमित चिकित्सा परीक्षण के लिए दो एमबीबीएस चिकित्सकों की तैनाती है। इसके अलावा वृद्ध महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त फिजियोथेरेपी सेंटर भी संचालित किया जा रहा है। आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने संस्था की व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बताते हुए प्रशासनिक अधिकारी को निर्देश दिए कि वृद्ध एवं विधवा माताओं की देखभाल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आश्रय सदन में रहने वाली महिलाओं को उनकी आयु, क्षमता और रुचि के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाए, ताकि वे सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन की ओर प्रेरित हो सकें। साथ ही सभी सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।