जागरण टुडे, शाहजहाँपुर।
शहर कोतवाली पुलिस ने मकान मालकिन के लॉकर से नकदी और सोने के जेवर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी किरायेदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरों को पिघलाकर तैयार किया गया करीब 5.60 ग्राम सोना बरामद किया है। मामले में आरोपी की बहन की भूमिका भी सामने आई है, जिससे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर (20) के रूप में हुई है। वह अपनी बहन के साथ किराये पर रह रहा था। आरोप है कि मकान मालकिन की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर दोनों ने लॉकर से आठ हजार रुपये नकद और सोने के जेवर चोरी कर लिए। चोरी को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने असली जेवरों की जगह लॉकर में नकली जेवर रख दिए, जिससे घटना का तत्काल पता नहीं चल सका।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हाईवे की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने कान्हा गौशाला के पास हाईवे पर घेराबंदी कर समीर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 5.60 ग्राम पिघला हुआ सोना बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरों का एक हिस्सा पिघलाकर उसका टुकड़ा तैयार किया था। वह इसे बेचने के लिए बाराबंकी जा रहा था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की वारदात में उसकी बहन भी शामिल थी। पुलिस अब उससे पूछताछ कर बाकी चोरी गए जेवरों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, पुलिस शेष चोरी गए जेवरों की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।