Tuesday, July 28, 2026

शौच के लिए निकलीं देवरानी-जेठानी को रोडवेज बस ने रौंदा, दोनों की मौत

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 8, 2026

शौच के लिए निकलीं देवरानी-जेठानी को रोडवेज बस ने रौंदा, दोनों की मौत

जागरण टुडे, एटा।

जिले के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में देवरानी और जेठानी की मौत हो गई। दोनों महिलाएं सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


पुलिस के अनुसार ग्राम कैल्ठा निवासी कमला देवी (50) पत्नी सरवन सिंह और मालती देवी (60) पत्नी स्वर्गीय अजयपाल सिंह आपस में देवरानी-जेठानी थीं। दोनों बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे घर से शौच के लिए निकली थीं। जब वे कैल्ठा चौराहे के पास सड़क किनारे पैदल जा रही थीं, तभी एटा की ओर से तेज गति से आ रही एक अज्ञात रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि कमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मालती देवी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

मृतका कमला देवी के पति सरवन सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं मालती देवी के पुत्र नरेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार पहले भी कई दुख झेल चुका है। करीब 11 वर्ष पहले उनके पिता का निधन हो गया था और बाद में उनके एक भाई की कैंसर से मौत हो गई। अब परिवार में वह अकेले रह गए हैं।

कमला देवी अपने पीछे पति और दो पुत्रों का परिवार छोड़ गई हैं। बड़ा पुत्र ट्रक चालक है, जबकि छोटा पुत्र खेती-बाड़ी करता है। दोनों महिलाओं की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार अज्ञात रोडवेज बस की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.