Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: सगाई की खुशियां पलभर में बदलीं चीख-पुकार में.....आतिशबाजी में लगी आग; छह लोग झुलसे

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 8, 2026

KASGANJ: सगाई की खुशियां पलभर में बदलीं चीख-पुकार में.....आतिशबाजी में लगी आग; छह लोग झुलसे

जागरण टुडे, कासगंज (राहुल गुप्ता)

जनपद के पटियाली क्षेत्र के ग्राम नगला सहजन में बुधवार रात सगाई समारोह की खुशियां उस समय मातम जैसे माहौल में बदल गईं, जब समारोह के बाद बची हुई आतिशबाजी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते तेज धमाकों के साथ आतिशबाजी फूटने लगी और मौके पर भगदड़ मच गई। हादसे में छह लोग झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में पटियाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।


जानकारी के अनुसार, नगला सहजन निवासी रिंकू पुत्र रूम सिंह की सगाई का कार्यक्रम आयोजित था। लड़की पक्ष कायमगंज से समारोह में शामिल होने आया था। सभी वैवाहिक रस्में सकुशल संपन्न होने के बाद लड़की पक्ष वापस लौट गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बची हुई आतिशबाजी एक स्थान पर रख दी गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान खेल रहे किसी बच्चे से निकली आग की चिंगारी आतिशबाजी तक पहुंच गई। चिंगारी लगते ही पूरी आतिशबाजी एक साथ जल उठी और तेज धमाकों के साथ चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने और आतिशबाजी को हटाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कई लोग उसकी चपेट में आ गए।


हादसे में 16 वर्षीय नीटू, 24 वर्षीय टिंकू पुत्र रूम सिंह, 35 वर्षीय प्रदीप पुत्र महेंद्र सिंह, 8 वर्षीय आरके यादव पुत्र राहुल, 10 वर्षीय साक्षी पुत्री टिंकू सिंह (सभी निवासी नगला सहजन) तथा रिश्तेदार 15 वर्षीय सुमित उर्फ प्रांशु पुत्र बिजेंद्र यादव निवासी अलीगंज झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने सभी घायलों को तत्काल पटियाली के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में काफी देर तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बची हुई आतिशबाजी को सुरक्षित स्थान पर रखा गया होता और बच्चों की पहुंच से दूर रखा जाता, तो इस तरह का हादसा टाला जा सकता था।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.